ONGC Shifting : ओएनजीसी मुख्यालय को दून से शिफ्ट करने की तैयारी, स्टॉफ यूनियन ने मुख्यमंत्री से लगाई मदद की गुहार-Newsnetra


ONGC मुख्यालय को दून से शिफ्ट करने की तैयारी, स्टॉफ यूनियन ने मुख्यमंत्री से लगाई दखल की गुहार पिछले एक दशक में कई प्रमुख विभाग, अनुभाग स्थानांतरित हो गए। कर्मचारियों की संख्या 2,800 से घटकर अब करीब 1,300 हो चुकी है।
ओएनजीसी देहरादून स्थित मुख्यालय को स्थानांतरित किए जाने को लेकर ओएनजीसी स्टाफ यूनियन ने मुख्यमंत्री से दखल की गुहार लगाई है।देश के सर्वाधिक मूल्यवान निगमों में से एक तेल एवं प्राकृतिक गैस लिमिटेड (ओएनजीसी) देहरादून स्थित मुख्यालय को स्थानांतरित (शिफ्ट) करने की चर्चाएं एक बार फिर गरमा रही हैं। चर्चा की वजह ओएनजीसी स्टाफ यूनियन का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लिखा पत्र है, जिसमें उनसे निगम मुख्यालय से विभागों और अनुभागों को शिफ्ट करने की कवायद पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया है।
यूनियन के महामंत्री अजय शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र सौंपे जाने की पुष्टि की है। यूनियन ने मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय भी मांगा है। यूनियन को आशंका है कि जिस तरह से एक-एक कर प्रमुख विभागों को नई दिल्ली शिफ्ट किया जा रहा, वह देर-सबेर मुख्यालय की पूरी तरह से शिफ्टिंग की संभावना का संकेत कर रहा है। हालांकि, यूनियन के अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट ने चेता दिया है कि वह ओएनजीसी मुख्यालय को देहरादून से शिफ्ट करने की साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे।




