पंचायत चुनावों को लेकर पूर्व सीएम हरीश रावत का बड़ा बयान, पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप-Newsnetra
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने पंचायत चुनावों को लेकर सत्तारूढ़ दल और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि “हम पर FIR दर्ज नहीं हुई, इसके लिए धन्यवाद, लेकिन पुलिस और प्रशासन भाजपा के लिए वोट जुटाने और लुटवाने का काम कर रहे हैं।”
हरीश रावत ने कहा कि बेतालघाट में गोली चलने की घटना से अब भी एक व्यक्ति घायल है, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की महिला जिला पंचायत सदस्य के पतियों को जबरन गायब किया गया और मतदाताओं को डराने-धमकाने की घटनाएं हुईं।
उन्होंने बताया कि “अल्मोड़ा के अंदर 6 ऐसे मतदाताओं को, जो किसी कारणवश बाहर थे, पुलिस की वर्दी में जाकर धमकाया गया और कहा गया कि जिंदगी चाहते हो तो बीजेपी को वोट दो। नैनीताल में कांग्रेस सदस्यों को जबरन उठाकर ले जाया गया।”
हरीश रावत ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश, भुवन कापड़ी, पूर्व विधायक संजीव आर्य और अन्य नेताओं पर FIR दर्ज करने में नैनीताल पुलिस ने गलत भूमिका निभाई है। उनका कहना है कि “पंचायत चुनाव में लगी सभी संस्थाओं पर सत्तारूढ़ दल ने कब्जा कर लिया। पुलिस, प्रशासन और गुंडा तत्वों के साथ मिलकर चुनाव परिणामों का अपहरण किया गया और पंचायती राज व्यवस्था को नष्ट करने का प्रयास हुआ। लोकतंत्र की बुनियाद को तोड़ा गया।”
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि “पुलिस प्रशासन अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर रहा है। जनता कांग्रेस को जिताना चाहती थी, लेकिन नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश की गई।”
हरीश रावत ने यह भी ऐलान किया कि सितंबर से कांग्रेस ‘न्याय यात्रा’ फिर शुरू करेगी और पंचायत चुनाव में हुई गड़बड़ियों के बारे में जनता को जागरूक किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस पार्टी देहरादून या नैनीताल में बड़ा प्रदर्शन करेगी।
पंचायत चुनावों को लेकर पूर्व सीएम हरीश रावत का बड़ा बयान, पुलिस-प्रशासन पर गंभीर आरोप-Newsnetra

Leave a comment
Leave a comment



