भाजपा का कांग्रेस पर तंज—निकाले गए नेताओं को टिकट देना 2027 में ‘कमल’ की हैट्रिक का संकेत-Newsnetra
देहरादून भाजपा ने पार्टी से निकाले लोगों को कांग्रेस द्वारा चुनाव लड़ाने की कोशिश को, 27 में कमल खिलने की हैट्रिक का संकेत बताया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने व्यंग करते हुए कांग्रेस को 4 नेताओं की वो पार्टी बताया, जिसके प्रभारी को देवभूमि आना जरूरी नहीं लगता। मंत्रियों को लेकर आरोपों पर स्पष्ट किया कि पार्टी में जो आया, वो हमारा कार्यकर्ता है। उसे उसकी क्षमता एवं उपयोगिता के अनुसार संगठन और सरकार में भूमिका दी जाती है। वहीं दायित्वधारियों की नई सूची के भी मुख्यमंत्री के आने बाद शीघ्र जारी करने की बात कही।
उन्होंने मंत्रिमंडल में अंदरूनी बाहरी के सभी चर्चाओं पर विराम लगाते स्पष्ट किया कि हमारी पार्टी के अंदर जो व्यक्ति आ जाता है वह हमारा कार्यकर्ता है। हम उसे बाद में किसी भी दूसरे दल से नहीं जानते पहचानते हैं, हमारा उत्तरदायित्व वैचारिक रूप से उसे स्थापित करना होता है। हम सभी योग्य व्यक्तियों को अपने दल में शामिल करते हैं और उसकी क्षमता एवं उपयोगिता उचित स्थान देते हैं। संगठन में दायित्व भी देते हैं और जरूरत लगे तो सरकार में मंत्री या अन्य भूमिका भी देते हैं।
वहीं उन्होंने सरकार में दायित्वधारियों की नई सूची को लेकर भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री धामी की व्यवस्तता है, कल वर्चुअल बैठक के बाद मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई है, जहां उन्होंने पीएम को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया है। आज कुछ नई महत्वपूर्ण बैठकें भी दिल्ली में उनकी हैं, उसके बाद जैसे ही वे आयेंगे शीघ्र सूची जारी कर दी जाएगी।
इसी तरह दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बड़ी बैठक को लेकर पूछे सवाल पर उन्होंने तंज कसा कि कौन से वरिष्ठ नेता हैं, चार लोगों की पार्टी है कांग्रेस? अब वो देहरादून बैठे या दिल्ली, कोई फर्क नहीं पड़ता है, क्योंकि भाजपा के नेता कार्यकर्ता 24 घंटे सातों दिन जमीन पर कार्य करते हैं। उनकी प्रभारी को तो देवभूमि आना भी जरूरी नहीं लगता, वो दिल्ली में ही देहरादून की बैठकें करवा लेती हैं





