हरिद्वार में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग, स्कूल से लौट रही महिला को बाइक सवार बदमाशों ने बनाया निशाना-Newsnetra
हरिद्वार। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। मामला कनखल थाना क्षेत्र की शांतिपुरम कॉलोनी का है, जहां बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश एक महिला की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बच्चे को लेने गई महिला बनी शिकार
जानकारी के अनुसार, मित्र विहार कॉलोनी निवासी अमित रस्तोगी की पत्नी राखी रस्तोगी बुधवार को दोपहर करीब 1:15 बजे अपने बच्चे को लेने नीलेश्वर पब्लिक स्कूल पहुंची थीं। स्कूल से लौटते समय जैसे ही वह गली से बाहर निकलीं, पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनकी चेन लूट ली।
महिला के शोर मचाने तक बदमाश तेजी से मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे और उन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे।
देर से दी गई सूचना, पुलिस जांच में जुटी
घटना के करीब दो घंटे बाद पीड़िता के पति अमित रस्तोगी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है, हालांकि अभी तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों में डर का माहौल है।





