नारी शक्ति वंदन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर हरिद्वार पॉलिटेक्निक में अहम बैठक-Newsnetra
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से नोडल अधिकारी श्री आलोक मिश्रा, संयुक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा विभाग उत्तराखंड के निर्देशानुसार दिनांक 16 अप्रैल 2026 एवं दिनांक 17 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड राज्य पॉलिटेक्निक संस्थान हरिद्वार में एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक आहूत की गई। यह बैठक राष्ट्रव्यापी अभियान को संस्थान एवं आसपास के क्षेत्रों में जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए संस्थान प्रधानाचार्य श्रीमती किरण खर्कवाल ने कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम महिलाओं के समग्र सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि जनांदोलन के रूप में संचालित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए संस्थान स्तर पर एक वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस पहल से जोड़ा जा सके।

इसके अतिरिक्त छात्राओं एवं महिला कार्मिकों की सहभागिता से वृहद हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, विचार गोष्ठियां एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से समाज में महिलाओं के अधिकारों, समानता एवं सम्मान के प्रति जागरूकता उत्पन्न की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में भी अभियान का व्यापक प्रभाव सुनिश्चित किया जाएगा।
श्रीमती किरण खर्कवाल आगे कहा कि संस्थान की प्रत्येक नारी को इस कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभानी होगी तथा समन्वय के साथ कार्य करते हुए इसे सफल बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी महिला कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम ने कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तिकरण को नई दिशा प्रदान करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि जागरूकता गतिविधियों जैसे नुक्कड़ नाटक एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से आमजन को सरल और प्रभावी ढंग से जोड़ा जा सकता है। इस प्रकार की सहभागितापूर्ण गतिविधियां समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होती हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा अपने-अपने स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर इसकी व्यापकता बढ़ाएं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त शैक्षिक, शिक्षणेत्तर महिला कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने एकमत होकर नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को सफल बनाने एवं इसके उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।





