वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री आशीष नौटियाल एवं सुंदर सिंह रावत “आजाद” के नेतृत्व में MDDA को सौंपा गया ज्ञापन, अवैध गेट हटाने की मांग तेज-Newsnetra
देहरादून, 22 अप्रैल 2026।
आज आमवाला उपला वार्ड-60, नेचर व्यू अपार्टमेंट, एम बी होम्स, वासुदेव एन्क्लेव एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों ने मुख्य मार्ग पर बनाए गए अवैध गेट के विरोध में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के उपाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित यह मार्ग पूर्णतः सार्वजनिक है, लेकिन कुछ व्यक्तियों/सोसाइटी द्वारा अवैध रूप से गेट लगाकर आमजन की आवाजाही बाधित की जा रही है। जांच में भी यह गेट नियमों के विरुद्ध पाया गया है।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी श्री सुंदर सिंह रावत “आजाद” ने कहा कि इस अवैध गेट के कारण क्षेत्रवासियों को लंबे समय से परेशानी हो रही है और यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
प्रदेश प्रवक्ता श्री आशीष नौटियाल ने प्रशासन से तत्काल गेट हटाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि देरी होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित में सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के साथ खड़ी रही है और उनके साथ होने वाले किसी भी अन्याय के विरुद्ध लगातार संघर्ष करती रहेगी।
ज्ञापन के माध्यम से अवैध गेट को हटाकर मार्ग को बाधारहित करने की मांग की गई।
इस अवसर पर महेंद्र बिष्ट, सुरेश पाल, गीता बिष्ट, मीनू अहूजा, राधा नेगी, शशी, शुभांगी, मनोज कुमार सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय जनता ने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





