Uttarakhand News: उत्तराखंड में 8 जून से शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण, 15 सितंबर को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट-Newsnetra
उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया आगामी 8 जून से शुरू होने जा रही है। इस व्यापक अभियान के तहत राज्यभर में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, संशोधित करने तथा अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान की तैयारियां 29 मई से 7 जून तक चलेंगी। इस दौरान निर्वाचन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि पुनरीक्षण कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत तैयार की गई प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट) 14 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक नागरिकों को अपने नाम, पते या अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर आपत्ति एवं दावा प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। निर्वाचन विभाग इस अवधि में प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण करेगा।
सभी आपत्तियों और दावों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद राज्य के सभी पात्र मतदाताओं की अद्यतन और शुद्ध मतदाता सूची उपलब्ध होगी।
इस संबंध में उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे। निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और अपने मतदाता विवरणों की जांच अवश्य करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।





