देहरादून में देह व्यापार का भंडाफोड़: किशननगर में स्कूल के पीछे चल रहा था अवैध कारोबार, दो आरोपी गिरफ्तार-Newsnetra
देहरादून के किशननगर स्थित कैंट थाना क्षेत्र में एक स्कूल के पीछे संचालित हो रहे देह व्यापार के अवैध कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत की जा रही थी। आरोप है कि किराये के मकान में देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा था। इस मामले को स्थानीय पार्षद नंदिनी शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर सार्वजनिक किया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आया।
वीडियो वायरल होते ही देहरादून पुलिस सक्रिय हुई और कैंट थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला और दो आरोपियों—आशीष पांडे और जंग बहादुर—को गिरफ्तार कर लिया।
शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने लगभग छह महीने पहले यह मकान किराये पर लिया था और तभी से यहां अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।





