रुद्रप्रयाग में बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिरी, खराब परिस्थितियों के बीच चल रहा सर्च अभियान-Newsnetra
रुद्रप्रयाग बिजराकोट के निकट चमसिल क्षेत्र के सारी बैंसोड़ के पास एक बोलेरो वाहन बीती रात दुर्घटनाग्रस्त होकर अलकनंदा नदी में गिर गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में चालक अकेला सवार था। हादसा रविवार रात हुआ, जब वाहन गौचर से बिजराकोट लौट रहा था
वाहन चालक की पहचान राकेश सिंह, निवासी बिजराकोट के रूप में हुई है। घटना के बाद से चालक की तलाश जारी है। वहीं मौके पर घोलतीर पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस और डीडीआरएफ की टीमें खोज एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं
बिजराकोट के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप सिंह ने बताया कि रविवार रात दुर्घटना के बाद गौचर पुलिस मौके पर पहुंची थी तथा रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, लेकिन अत्यधिक अंधेरा होने के कारण अभियान में कठिनाई आई और चालक का पता नहीं चल पाया। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह से एक बार फिर संयुक्त टीमों द्वारा सर्च अभियान शुरू किया गया है और तलाश जारी है





