शुगर के मरीज कंधे के दर्द और जकड़न को न करें अनदेखा, फ्रोजन शोल्डर का बढ़ रहा खतरा: डॉ. महेंद्र राणा-Newsnetra
शुगर के मरीज कंधे के दर्द को न करें अनदेखा : डॉ. महेंद्र राणा
डायबिटीज के मरीजों में बढ़ रहा फ्रोजन शोल्डर का खतरा, समय पर उपचार जरूरी
देहरादून, न्यूज़ नेत्र ब्यूरो। डायबिटीज केवल रक्त शर्करा तक सीमित बीमारी नहीं है, बल्कि यह शरीर के जोड़ों और मांसपेशियों को भी प्रभावित कर सकती है। आयुर्वेद विशेषज्ञ एवं आरोग्य मेडिसिटी इंडिया के संस्थापक डॉ. महेंद्र राणा ने बताया कि डायबिटीज के मरीजों में “फ्रोजन शोल्डर” या “डायबिटीज शोल्डर” की समस्या सामान्य लोगों की तुलना में अधिक देखने को मिल रही है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मरीज को कंधे में लगातार दर्द, जकड़न या हाथ घुमाने में परेशानी महसूस हो रही है, तो उसे सामान्य दर्द समझकर अनदेखा नहीं करना चाहिए। समय रहते पहचान और उपचार से इस समस्या को नियंत्रित किया जा सकता है।
डॉ. राणा के अनुसार लंबे समय तक बढ़ी हुई ब्लड शुगर शरीर के कोलेजन ऊतकों को प्रभावित करती है, जिससे कंधे के जोड़ के आसपास की कैप्सूल कठोर हो जाती है। परिणामस्वरूप कंधे की गतिशीलता कम होने लगती है और दैनिक कार्यों में कठिनाई आने लगती है।
प्रमुख लक्षण
- कंधे में लगातार दर्द रहना
- हाथ ऊपर उठाने में परेशानी
- कपड़े पहनने एवं बाल संवारने में कठिनाई
- सुबह के समय अधिक जकड़न महसूस होना
- रात के समय दर्द बढ़ जाना
बचाव एवं उपचार
विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित व्यायाम, ब्लड शुगर का नियंत्रण तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श इस समस्या से बचाव के प्रमुख उपाय हैं। आवश्यकता पड़ने पर फिजियोथेरेपी और उचित चिकित्सा से मरीज को राहत मिल सकती है।
विशेषज्ञ की सलाह
“डायबिटीज के मरीज कंधे के दर्द और जकड़न को हल्के में न लें। प्रारंभिक अवस्था में पहचान और उपचार से फ्रोजन शोल्डर को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है।”
— डॉ. महेंद्र राणा
एम.डी. (आयुर्वेद), संस्थापक
आरोग्य मेडिसिटी इंडिया




