देहरादून: पिटबुल के झपटने से शुरू हुआ विवाद, दरोगा समेत दो घायल, कई नामजद-Newsnetra
पालतू कुत्तों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में एक पिटबुल के दूसरे पालतू कुत्ते पर झपटने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। इस हमले में शहर कोतवाली में तैनात दरोगा नवीन भारद्वाज और उनके बेटे के सिर पर गंभीर चोटें आईं। दरोगा के सिर में छह टांके लगे, जबकि उनके बेटे के सिर पर भी चार टांके लगाने पड़े। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान दरोगा के गले से सोने की चेन भी गायब हो गई, जिसे उन्होंने लूटे जाने की आशंका जताई है। पीड़ित ने धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट, अंकित भट्ट, महेंद्र भट्ट, अंजलि भट्ट, उनकी पत्नी तथा 5-6 अज्ञात लोगों पर हमला, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और लूट का आरोप लगाया है।
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत आई है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी





