उत्तराखंड कैबिनेट के बड़े फैसले: मदरसों की आर्थिक सहायता खत्म, रिवर राफ्टिंग नियमावली को मंजूरी-Newsnetra


देहरादून। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड राज्य कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने प्रेस ब्रीफिंग कर कैबिनेट के प्रमुख निर्णयों की जानकारी दी।
कैबिनेट के प्रमुख फैसले
1. पिथौरागढ़ में बनेगा ‘नन्ही परी सीमान्त प्रौद्योगिकी संस्थान’
कैबिनेट ने पिथौरागढ़ में प्रस्तावित ‘नन्ही परी सीमान्त प्रौद्योगिकी संस्थान’ के लिए भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दे दी। इससे सीमांत क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
2. उत्तराखंड रिवर राफ्टिंग नियमावली-2026 को मंजूरी
राज्य में रिवर राफ्टिंग गतिविधियों को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड रिवर राफ्टिंग नियमावली-2026 को मंजूरी प्रदान की गई।
3. अक्षय पात्र किचन का विस्तार
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित अक्षय पात्र किचन योजना का विस्तार किया गया है। अब दो स्थानों के अलावा श्रीनगर में भी विद्यार्थियों को पका हुआ मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
4. कार्य भंडारण कार्मिकों को सातवें वेतनमान का लाभ
कैबिनेट ने कार्य भंडारण (वर्क-चार्ज) के कार्मिकों को सातवें वेतनमान का लाभ देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
5. कौशल विकास और सेवायोजन विभाग का एकीकरण
राज्य सरकार ने प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से कौशल विकास विभाग और सेवायोजन विभाग के एकीकरण को मंजूरी दी है।
6. बग्गा-54, बापूग्राम और बिंदुखत्ता पर बनेगी समिति
बग्गा-54, बापूग्राम और बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के लिए एक समिति गठित की जाएगी। मुख्य सचिव इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करेंगे।
7. मदरसों को मिलने वाली आर्थिक सहायता समाप्त
राज्य सरकार ने मान्यता समाप्त होने के बाद मदरसों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता को भी समाप्त करने का निर्णय लिया है। संबंधित बजटीय प्रावधान को विलोपित किया जाएगा।
8. राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के लिए बजट
कैबिनेट ने राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के संचालन हेतु बजट जारी करने का निर्णय भी लिया।
राज्य सरकार का कहना है कि इन फैसलों से शिक्षा, प्रशासनिक सुधार, कर्मचारी हितों और विकास कार्यों को गति मिलेगी, जबकि विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में भी सहायता मिलेगी।





