उत्तराखंड में बारिश का कहर: घनसाली में 30 भवनों को खाली करने का नोटिस, यमुनोत्री मार्ग पर 100 श्रद्धालुओं का रेस्क्यू-Newsnetra


लगातार हो रही बारिश के बीच नगर पंचायत घनसाली ने आपदा की आशंका को देखते हुए भिलंगना नदी किनारे रह रहे जोखिम वाले भवनों में रहने वाले लोगों को नोटिस जारी किया है। नगर पंचायत ने ऐसे भवनों को असुरक्षित और संभावित खतरे की श्रेणी में चिन्हित करते हुए तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए हैं।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजय कापड़ी ने बताया कि संबंधित 30 भवनों की स्थिति अत्यंत जोखिमपूर्ण पाई गई है। ऐसे में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है, जिससे जन-धन की हानि हो सकती है। इसलिए भवन स्वामियों एवं उनके परिवारों से अपने स्वयं के संसाधनों से यथाशीघ्र भवन खाली कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित होने को कहा गया है
उधर, यमुनोत्री मार्ग पर स्यानाचट्टी के पास शनिवार को भारी मलबा आने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई, जिससे कई श्रद्धालु मार्ग में फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की बड़कोट और जानकीचट्टी पोस्ट से टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। सड़क बंद होने से एसडीआरएफ जवानों ने वैकल्पिक मार्ग पर रस्सी लगाकर बचाव अभियान शुरू किया। इसके बाद जवानों ने सावधानी के साथ करीब 100 श्रद्धालुओं को एक-एक कर सुरक्षित मार्ग पार कराया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
दूसरी तरफ कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर सतपुली मल्ली के पास भारी बोल्डर एक सब्जी के एक वाहन पर गिर गया। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक समेत वाहन में सवार तीन लोग बाल-बाल बचे। हादसा होते ही चालक सहित लोग वाहन छोड़कर भागे। वहीं देवप्रयाग मार्ग पर डिग्री काॅलेज गदेरे में फिर मलबा आ गया। दुधारखाल मार्ग पर भी हाईवे का मलबा आने से सड़के बंद हैं। जेसीबी से मलबा हटाने का चल रहा काम।





