बद्रीनाथ चढ़ावा प्रकरण: 18 पेज की जांच रिपोर्ट में सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए बड़े सुझाव-Newsnetra
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी एवं कथित हेराफेरी मामले की जांच के बीच तैयार की गई 18 पृष्ठों की आंतरिक जांच रिपोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चढ़ावा प्रबंधन को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सिफारिशें की गई हैं। रिपोर्ट एसआईटी को सौंप दी गई है, जो मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, चढ़ावे की गिनती के दौरान कर्मचारियों के लिए पॉकेट-फ्री ड्रेस कोड लागू करने, ड्यूटी समाप्त होने पर कर्मचारियों की अनिवार्य और सघन तलाशी लेने, गिनती कक्ष में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा चढ़ावा प्रबंधन के लिए स्पष्ट स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू करने की सिफारिश की गई है। उद्देश्य यह है कि चढ़ावे के संग्रह, गिनती और जमा करने की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहे तथा भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका समाप्त हो।
सूत्रों के अनुसार, 18 पृष्ठों की यह रिपोर्ट एसआईटी के पास पहुंच चुकी है। जांच टीम उपलब्ध दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर कड़ी की बारीकी से जांच कर रही है।
बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने कहा कि चढ़ावा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से विभिन्न सुझाव प्राप्त किए गए हैं। इन सुझावों को लागू कर प्रत्येक चरण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास और व्यवस्था की पारदर्शिता दोनों मजबूत हो सकें





