राजाजी टाइगर रिजर्व को मिलेगी स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स, सीएम धामी ने 10 ट्रांजिट सेंटरों पर भी तेज कार्रवाई के दिए निर्देश-Newsnetra
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित उत्तराखंड वन्यजीव बोर्ड की बैठक में वन्यजीव संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की तर्ज पर राजाजी टाइगर रिजर्व के लिए भी स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स (STPF) गठित करने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीवों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने निर्देश दिए कि राजाजी टाइगर रिजर्व में विशेष सुरक्षा बल के गठन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए, जिससे बाघों और अन्य वन्यजीवों की प्रभावी निगरानी एवं संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने वन्यजीव संरक्षण से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की। उन्होंने 10 ट्रांजिट सेंटरों की स्थापना से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वन्यजीव संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम तथा प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के लिए सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उत्तराखंड की जैव विविधता सुरक्षित रहे और वन्यजीव संरक्षण को और अधिक मजबूती मिल सके।





