कांवड़ मेले में हाईटेक सुरक्षा कवच, 10 हजार इनामी बदमाशों पर रहेगी फेस रिकग्निशन कैमरों की नजर-Newsnetra
कांवड़ मेले में अपराधी माहौल खराब न करें इसके लिए भी साइबर पुलिस और एसटीएफ गहन निगरानी करेगी। इसके लिए पांच राज्यों ने उत्तराखंड पुलिस को इनामी बदमाशों का विवरण सौंपा है। कांवड़ मेला क्षेत्र में लगे फेस रिकग्निशन कैमरों (चेहरे की पहचान करने वाले) से इन पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए साइबर पुलिस और एसटीएफ की एक विशेष टीम बनाई गई है जिसे विभिन्न कंट्रोल रूम में तैनात किया जाएगा।
इसके लिए पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल और उत्तर प्रदेश ने उत्तराखंड पुलिस को इनामी और आदतन अपराधियों की सूची उपलब्ध कराई है। कांवड़ मेले में आने वाली करोड़ों की भीड़ में कहीं इन अपराधियों की दखल न हो इसके लिए निगरानी तंत्र बनाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक करीब आठ से 10 हजार इनामी बदमाशों की पांच राज्यों की पुलिस ने फोटो युक्त विवरण उपलब्ध कराया है। इनकी पहचान के लिए सीसीटीवी और फेस रिकग्निशन कैमरों की फीड पर काम किया जाएगा। इसके लिए साइबर कमांडो और अन्य साइबर पुलिस कर्मियों को निगरानी के लिए लगाया जाएगा।




