देवप्रयाग में गंगाजल भरते समय तेज बहाव में बहा हरियाणा का कांवड़िया, 24 वर्षीय आर्यन मिश्रा लापता-Newsnetra
देवप्रयाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोड़ेश्वर घाट पर जल भरने उतरा हरियाणा का एक कांवड़िया नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी के तटवर्ती इलाकों में तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन उसका पता नहीं लग सका।
मामले की पुष्टि करते हुए सहायक उपनिरीक्षक रविंद्र भंडारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया है। बहने वाले युवक की पहचान आर्यन मिश्रा (24) पुत्र सतेंद्र मिश्रा, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। एएसआई ने बताया कि फिलहाल पुलिस एसडीआरएफ और जल पुलिस की मदद से नदी के निचले इलाकों और तटीय क्षेत्रों में गहन खोजबीन अभियान चला रही है।
प्रशासन ने एक बार फिर श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी सूरत में सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करें और केवल चिन्हित व सुरक्षित घाटों पर ही स्नान या जल भरने का कार्य करें।





