चमोली टनल हादसे पर एक्शन में CM धामी, देर रात आपदा केंद्र पहुंचे; 16 मजदूरों का रेस्क्यू, 6 को निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान जारी-Newsnetra
उत्तराखंड के चमोली में पीपलकोठी में टनल धंसने की जानकारी मिलते ही सीएम पुष्कर सिंह धामी एक्शन मोड में दिखे। उन्होंने देर रात आपदा परिचालन केंद्र पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। टीएचडीसी टनल हादसे पर उन्होंने युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने का निर्देश दिया। सीएम धामी ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना और उनका मनोबल बढ़ाया। दरअसल, टीएचडीसी टनल हादसे में मजदूरों के फंसने की घटना के बाद प्रशासनिक तंत्र तेजी से काम करता दिखा।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी गुरुवार देर रात राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मायापुर (पीपलकोटी), चमोली स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की घटना की विस्तृत जानकारी ली। देहरादून से पूरे राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभालते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने के निर्देश दिए।
घायलों का बढ़ाया मनोबल
सीएम धामी ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उनके उपचार और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाएगी। सीएम ने आपदा परिचालन केंद्र से चमोली जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा।
22 लोग सुरंग में फंसे
सीएम ने पीपलकोठी में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की पल-पल की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। ताजा जानकारी के अनुसार, सुरंग में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना है। इनमें से 16 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है।





