प्रतीक केवल परंपरा नहीं, आत्मचिंतन और आत्मोन्नति का माध्यम: सनातन दर्शन में विशेष महत्व-Newsnetra
प्रतीक !!!
प्रत्येक आस्थिक व्यक्ति, चाहे वह किसी भी पंथ, संप्रदाय, मान्यता या विशिष्ट धार्मिक विचारधारा से संबद्ध क्यों न हो, अपने दैनिक जीवन में प्रातः से सायं तक घटने वाले असंख्य क्षणों में से कम से कम किसी एक क्षण को अपने आराध्य को उत्तरदायी मानते हुए सहज भाव से उसे समर्पित कर ही देता है। यह समर्पण कभी कृतज्ञता के रूप में, कभी प्रार्थना के रूप में, तो कभी केवल एक मौन स्वीकार के रूप में प्रकट होता है। विशेष बात यह है कि अधिकतर लोग इस क्षण की महत्ता को जाने बिना ही जीवन भर ऐसे अनमोल क्षणों को यूँ ही बीत जाने देते हैं।
सनातन परंपरा में श्रद्धा और भक्ति को केवल भावनात्मक स्तर तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें प्रतीकों के माध्यम से जीवन का अभिन्न अंग बनाया गया है। मठों, मंदिरों तथा तीर्थस्थलों में प्रतिष्ठित आराध्य देवों के प्रतीक केवल मूर्त रूप नहीं हैं, बल्कि वे साधक के आंतरिक भाव, संकल्प और अर्जित कर्मों के अनुरूप समर्पण का माध्यम हैं। दीपक जलाना, पुष्प अर्पित करना या परिक्रमा करना ये सभी प्रतीकात्मक क्रियाएँ मनुष्य को उसके अहं से ऊपर उठाकर आराध्य से जोड़ने का भी कार्य करती हैं।
प्रतीक हमें यह स्मरण कराते हैं कि ईश्वर या आराध्य केवल बाह्य स्वरूप में नहीं, बल्कि हमारे कर्म, विचार और आचरण में भी निवास करते हैं। जब व्यक्ति इन प्रतीकों को समझ के साथ अपनाता है, तब उसका जीवन स्वयं एक साधना बन जाता है।
इसका सार यही है कि प्रतीक केवल परंपरा निभाने का साधन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आत्मोन्नति के द्वार हैं। यदि हम अपने जीवन के छोटे-छोटे क्षणों को सजगता और श्रद्धा के साथ अपने आराध्य को समर्पित करना सीख लें, तो जीवन अधिक संतुलित, अर्थपूर्ण और शांति से परिपूर्ण हो सकता है। सच्ची भक्ति बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि प्रतीकों के माध्यम से अंतर्मन को जाग्रत करने में निहित है।
✍️….पंकज
(आलोक सेमवाल- गंगोत्री धाम)
जय मां गंगें 🔱🙏





