देहरादून: आधी रात काली थार में हुड़दंग, सनरूफ से बाहर निकलकर युवतियों ने किया स्टंट; पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया-Newsnetra
देहरादून। राजधानी देहरादून में आधी रात सड़क पर हुड़दंग करना एक युवक और दो युवतियों को भारी पड़ गया। बल्लूपुर-चकराता रोड पर काले रंग की महिंद्रा थार को तेज और लापरवाही से चलाने तथा सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देहरादून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
मामला 11-12 सितंबर 2026 की रात करीब 1:25 बजे का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक काले रंग की महिंद्रा थार सार्वजनिक मार्ग पर तेज गति से चलती दिखाई दे रही थी। वाहन में सवार दो युवतियां सनरूफ से बाहर निकलकर सिगरेट पीते हुए हुड़दंग करती नजर आईं। इस दौरान वाहन चालक भी कथित तौर पर तेजी और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, इस तरह की हरकत से न केवल वाहन में सवार लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा हो सकता था।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही महिंद्रा थार का नंबर UK-07-HN-7668 पता चला।
इसके बाद पुलिस ने 12 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए थार चालक और वाहन में सवार दोनों युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है, जबकि संबंधित महिंद्रा थार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चालक की पहचान सोनू कुमार पुत्र श्याम सिंह, निवासी ब्राह्मण मोहल्ला, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है।
देहरादून पुलिस की इस कार्रवाई को सड़क पर स्टंट और हुड़दंग करने वालों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है कि सार्वजनिक सड़कों को मनोरंजन या खतरनाक करतबों का मंच बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








