यमुनोत्री धाम यात्रा मुख्य पैदल मार्ग से सुचारू, कीचड़ और फिसलन की खबर पर प्रशासन ने दी सफाई-Newsnetra
उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम यात्रा को लेकर सोशल मीडिया और कुछ माध्यमों में वैकल्पिक पैदल मार्ग पर कीचड़ और फिसलन से संबंधित खबरें प्रसारित होने के बाद प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। प्रशासन के अनुसार, यमुनोत्री धाम की यात्रा निर्धारित मुख्य पैदल मार्ग से पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है और धाम में व्यवस्थाएं सामान्य हैं।
प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया में दिखाई जा रही कीचड़ और फिसलन से संबंधित जानकारी यमुनोत्री धाम के वैकल्पिक पैदल मार्ग से जुड़ी है। मानसून अवधि में इस वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए नहीं किया जाता है। जानकारी के मुताबिक कुछ श्रद्धालु गलती से इस वैकल्पिक मार्ग पर चले गए थे।

वर्तमान में श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित मुख्य पैदल यात्रा मार्ग से आवाजाही सामान्य रूप से जारी है। प्रशासन की ओर से यात्रा मार्ग की नियमित निगरानी की जा रही है और यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
उपजिलाधिकारी बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर में जिस मार्ग पर कीचड़ और फिसलन की बात कही जा रही है, वह वैकल्पिक मार्ग है। मानसून अवधि में यात्रियों के लिए इस मार्ग का उपयोग नहीं किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यमुनोत्री धाम की यात्रा निर्धारित मुख्य पैदल मार्ग से पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और अधिकृत यात्रा मार्ग का ही इस्तेमाल करें। वैकल्पिक अथवा बंद मार्गों पर जाने से बचें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारू बनी रहे।








