राज्यसभा सीट पर भाजपा का बड़ा दांव! दिनेश आर्य के नाम की चर्चा, धामी के PRO से राज्यमंत्री तक का सफर-Newsnetra
देहरादून: उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा की ओर से संभावित उम्मीदवार के तौर पर दिनेश आर्य के नाम की चर्चा सामने आई है। हालांकि, अंतिम निर्णय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से किया जाना है।
दिनेश आर्य का राजनीतिक सफर छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू हुआ। इसके बाद वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी जुड़े रहे। संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय रहते हुए उन्होंने भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। इसके अलावा वे भाजपा युवा मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा में प्रदेश स्तर के विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं।
दिनेश आर्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने जनसंपर्क और संगठन से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाई।
वर्तमान में दिनेश आर्य उत्तराखंड राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं और उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है। लंबे समय से संगठन और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहने के कारण उनका नाम राज्यसभा चुनाव के संभावित दावेदारों में चर्चा में आया है।
उत्तराखंड की इस राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होना तय है। ऐसे में भाजपा की ओर से उम्मीदवार के नाम को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अंतिम प्रत्याशी के नाम की घोषणा के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
राज्यसभा चुनाव में भाजपा किस चेहरे पर भरोसा जताती है, इस पर अब सभी की नजरें टिकी हैं। दिनेश आर्य के नाम की चर्चा के बीच पार्टी के अन्य संभावित दावेदारों को लेकर भी राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे हैं।







