अल्मोड़ा में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, 174 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई-Newsnetra
अल्मोड़ा। बढ़ते पर्यटन सीजन को देखते हुए अल्मोड़ा पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 174 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा जनपद के प्रवेश मार्गों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और पर्यटन स्थलों के आसपास लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। अभियान के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
अल्मोड़ा पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और किसी भी स्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।






