कालागढ़ में सरकारी आवास के बाथरूम में मिला सिंचाई विभाग के जेई का शव, करंट लगने की आशंका-Newsnetra
कालागढ़। उत्तराखंड के कालागढ़ में सिंचाई विभाग के अवर अभियंता (जेई) का शव उनके सरकारी आवास के बाथरूम में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार (45) के रूप में हुई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत करंट लगने से हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, रविवार को कालागढ़ की नई कॉलोनी स्थित राजकीय आवास संख्या ए-68 के बाथरूम में अनिल कुमार का शव पड़ा मिला। वह रामगंगा बांध परियोजना के सैडिल बांध पर अवर अभियंता के पद पर तैनात थे।
घटनास्थल पर मृतक के दाहिने हाथ की एक उंगली करंट से झुलसी हुई मिली। इसके आधार पर बाथरूम में नहाने के दौरान करंट लगने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार लाया गया है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।







