उत्तराखंड: 7 किलोमीटर पैदल चलकर ससुराल पहुंची दुल्हन, सड़क और मोबाइल नेटवर्क को तरस रहा चकराता का उदांवा गांव!-Newsnetra
चकराता ब्लॉक के उदांवा गांव में सड़क की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को आज भी दुर्गम रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। गांव की बदहाली की तस्वीर अनिल चौहान के विवाह के बाद सामने आई, जब दुल्हन शर्मिला को सात फेरों के बाद मुख्य मार्ग से करीब सात किलोमीटर दूर स्थित ससुराल तक कच्चे रास्तों से होकर पहुंचना पड़ा। यह स्थिति पहाड़ में विकास के दावों पर सवाल खड़े करती है।
मुख्यमंत्री के सामने उठेगा सड़क का मुद्दा
विवाह समारोह में शामिल हुए रुद्रसेना के संस्थापक राकेश तोमर उत्तराखंडी ने कहा कि उदांवा गांव को सड़क से जोड़ने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के विभागीय प्रमुख का घेराव किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर गांव के लिए सड़क निर्माण की मांग जोर-शोर से उठाई जाएगी। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क निर्माण के लिए जल्द सर्वेक्षण और स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही मोबाइल नेटवर्क की समस्या का भी समाधान किया जाए, ताकि गांव के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष न करना पड़े।







