रुड़की में किसानों की महापंचायत, 14 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को दी चेतावनी!-Newsnetra
किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (रोड़) ने एसडीएम चौक के पास महापंचायत आयोजित की। इसमें किसानों ने सरकार और पूंजीपतियों पर शोषण का आरोप लगाते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। महापंचायत के बाद किसानों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ को 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी भेजा जाएगा। महापंचायत के जिले के शासन-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
महापंचायत में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से किसान और युवा 50 से अधिक ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। किसानों ने अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर आयोजित महापंचायत में भाग लिया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से ट्रैक्टरों के काफिले सड़कों से होकर गुजरे। एक कतार में निकलते ट्रैक्टर लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। सड़कों पर ट्रैक्टरों की लंबी कतार देखकर लोग भी उत्सुक नजर आए।
महापंचायत को लेकर चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस
शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। शहर के प्रमुख चौराहों और महापंचायत स्थल की ओर जाने वाले संपर्क मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। मलकपुर चुंगी, रामपुर चुंगी, आजाद नगर चौक, रामनगर चौक, गणेशपुर, गोल चक्कर और रुड़की बस अड्डे पर पुलिस ने निगरानी रखी। महापंचायत में आने-जाने वाले मार्गों पर भी कड़ा पहरा रहा। कई स्थानों पर भारी वाहनों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रुड़की के अलावा आसपास के थानों और कोतवालियों से भी पुलिस बल बुलाया गया था। पुलिसकर्मी पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे







