गैरसैंण विधानसभा सत्र में हंगामा ही हंगामा, जन मुद्दे पीछे छूटे; डेढ़ दिन में खत्म हुआ सत्र!-Newsnetra
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की भराड़ीसैंण की वादियों में दिन के समय चटक धूप और शाम को कड़ाके की ठंड में सियासी माहौल तो गरमाया लेकिन जन मुद्दों को धार नहीं मिल पाई। विपक्ष सदन में सरकार को घेरने के लिए बेकार दिखा। हंगामे से विपक्ष को तरकश में सजे मुद्दों के बाण चलाने का मौका नहीं मिला। दो दिन का सत्र डेढ़ दिन ही चल पाया है। सदन की कार्यवाही कुल आठ घंटे चार मिनट चली।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बताया कि दो दिवसीय सत्र में अनूपूरक बजट पारित करने के साथ ही नौ विधेयक व दो अध्यादेश पारित किए गए। सत्र के पहले दिन सत्र की कार्यवाही छह घंटे 58 मिनट चली। जबकि दूसरे दिन एक घंटे छह मिनट सदन चला। डेढ़ दिन में कुल आठ घंटे चार मिनट सदन चला।







