2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, प्रतापनगर में डॉ. धन सिंह रावत ने ली संगठन की बैठक-Newsnetra
नई टिहरी। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रामगांव में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक कर चुनावी तैयारियों और संगठन की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। बैठक में संभावित प्रत्याशी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतापनगर में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ काम करना होगा। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही चुनाव में सफलता का प्रमुख आधार बनेगी।
बैठक में वक्ताओं ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नेगी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए राज्य सरकार पर सहयोग नहीं मिलने के आरोप लगाते हैं। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने प्रतापनगर के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम किया है। क्षेत्र में दो केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को भी सरकार की उपलब्धि बताया गया।

वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए जनप्रतिनिधि की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतापनगर में भाजपा का विधायक नहीं होने के कारण विकास कार्यों को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प दोहराया।
राजेश्वर पैन्यूली ने किया भाजपा की जीत का दावा
भाजपा नेता राजेश्वर पैन्यूली ने कहा कि प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभी से कमर कस ली है। उन्होंने कहा कि इस बार सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
पैन्यूली ने कहा कि प्रतापनगर में विकास की गति तेज करने और क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए भाजपा की जीत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने, जनता के बीच सक्रिय रहने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा ने स्पष्ट किया कि प्रतापनगर सीट पर जीत हासिल करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां अभी से तेज की जा रही हैं।







