संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह, मामा ने बेटे और पत्नी के साथ मिलकर भांजे को उतारा मौत के घाट-Newsnetra
रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला में पैतृक संपत्ति के विवाद में मामा ने अपने परिवार के साथ मिलकर भांजे गौरव चौधरी की हत्या कर दी।
सामने आया कि मां की मृत्यु के बाद पैतृक मकान में एक कमरे के बंटवारे को लेकर परिवार के तीन भाई-बहनों के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार को इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान चाकू और खुखरी से हमला किया गया, जिसमें गौरव के सीने पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मामा नितिन उर्फ राजेश, उसके बेटे रोहित और पत्नी कविता को घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और खुखरी भी बरामद कर ली गई है।







