पवाणी अग्निकांड पीड़ितों को 5-5 लाख की सहायता, 6 महीने तक मिलेगा राशन-Newsnetra
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और जरूरतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।

बच्चों की शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने इस भीषण अग्निकांड में अपने आशियाने और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को समझना बेहद कठिन है। सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता देने का विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके जीवन में विश्वास व उम्मीद लौटाने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे। वह पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते रहे और अधिकारियों को राहत एवं सहायता पहुंचाने के निर्देश देते रहे।
उन्होंने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य जरूरी विकास कार्य भी कराए जाएंगे। हालांकि, फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना है।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार अधिकारियों से जानकारी लेने और प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी







