विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने प्रदेश में धामी सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया गया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह काम भाजपा ही कर सकती है। वर्ष 2022 में भी पार्टी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता के आशीर्वाद से भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। जनता से जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा किया गया है या उन्हें पूरा करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है।
सीएम बोले- लगातार तीसरी बार बनाएंगे सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पहले यह मिथक था कि हर पांच साल में सरकार बदल जाती है, लेकिन जनता ने इस मिथक को तोड़ दिया। प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम किया है और अपने कार्यों का लेखा-जोखा भी सामने रख रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताएं शुरू से स्पष्ट रही हैं। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं को सशक्त बनाना, बच्चों को बेहतर शिक्षा देना और बुनियादी सुविधाओं के ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पर्यटन और परिवहन क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया था। चिकित्सा क्षेत्र को भी 205 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। महामारी के दौरान माता-पिता को खोने वाले और अनाथ हुए बच्चों को वात्सल्य योजना के माध्यम से सहारा दिया गया।
धामी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार देने के लिए काम किया गया और नकल पर रोक लगाने के लिए सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया। सरकार ने 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन घर बैठे कोचिंग की सुविधा दी है। युवाओं के लिए जर्मनी और जापान में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवा आयोग के गठन की कार्रवाई चल रही है और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है