देहरादून डालनवाला स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल परिसर में आयोजित देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में बब्बर परिवार की विरासत पर परिचर्चा हुई। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेता राज बब्बर और जूही बब्बर ने अदिति माहेश्वरी गोयल से संवाद किया।
राज बब्बर ने अपने शुरुआती जीवन, एनएसडी के दिनों और अभिनय के सफर के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उनके गुरु इब्राहिम अल्काजी ने उन्हें अभिनय के साथ अनुशासन, स्वच्छता, महिलाओं का सम्मान और इंसानियत का महत्व सिखाया। उन्होंने कहा कि सफलता फिल्मों की संख्या या चुनाव जीतने से नहीं, बल्कि व्यक्ति के व्यवहार और मूल्यों से तय होती है।
वहीं, जूही बब्बर ने थिएटर, नाटकों और एकल प्रस्तुतियों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण के साथ कला की बुनियादी शिक्षा भी मिलनी चाहिए। इससे उनमें संवेदनशीलता, कल्पनाशीलता और रचनात्मकता विकसित होती है। दोनों ने युवाओं को मेहनत करने और कला-संस्कृति से जुड़कर अपनी अलग पहचान बनाने का संदेश दिया।







