आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी राहत — अब सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति कोटा 50% हुआ-Newsnetra


देहरादून, 14 अक्टूबर 2025:
राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हित में एक बड़ा निर्णय लिया है। अब सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति का कोटा 40 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है। इसके लिए उत्तराखंड महिला एवं बाल विकास अधीनस्थ सुपरवाइजर सेवा नियमावली 2021 में संशोधन के प्रस्ताव को राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल गई है।
कैबिनेट में प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार, अब सुपरवाइजर के पदों पर 50 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से और शेष 50 प्रतिशत पद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पदोन्नति से भरे जाएंगे। पहले यह अनुपात 50:40:10 था — जिसमें 40 प्रतिशत पद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 10 प्रतिशत मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए आरक्षित थे।
केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य के 5120 मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को अब पूर्ण आंगनबाड़ी केंद्रों में उच्चीकृत किया जा रहा है। इसी क्रम में मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से होने वाली पदोन्नति का 10 प्रतिशत कोटा भी अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के पदोन्नति कोटे में जोड़ा गया है।
इस संशोधन से प्रदेश की करीब 19 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पदोन्नति का अवसर बढ़ेगा और उनके कैरियर ग्रोथ में नई संभावनाएं खुलेंगी।