बॉबी पंवार ने उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, राम कंडवाल बने कार्यकारी अध्यक्ष-Newsnetra


देहरादून। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने संघ की कोर टीम को इस्तीफा सौंपते हुए अपने 7 वर्षों के संघर्षपूर्ण कार्यकाल की जानकारी साझा की और साथ ही संगठन की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।
बॉबी पंवार ने बताया कि उन्होंने मार्च 2018 से हजारों बेरोजगार युवाओं की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कई नकल माफियाओं को जेल भिजवाने में अहम भूमिका निभाई, जिसके चलते परीक्षाओं में पारदर्शिता आई और राज्य सरकार को नकल विरोधी कानून लागू करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस संघर्ष के दौरान बॉबी पंवार पर करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे भी दर्ज हुए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
बॉबी ने कहा कि यह सब कुछ अकेले संभव नहीं था, बल्कि यह उत्तराखंड बेरोजगार संघ की पूरी टीम की मेहनत का परिणाम था। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रयासों से आज हजारों युवा विभिन्न सरकारी विभागों में सेवा दे रहे हैं। उन्होंने सभी साथियों और सहयोगियों का आभार प्रकट किया।
पूर्व अध्यक्ष ने यह भी उल्लेख किया कि संघ की सक्रिय भूमिका की बदौलत वह टिहरी लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ सके, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उनका साथ दिया। बॉबी पंवार ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड बेरोजगार संघ एक गैर-राजनीतिक संगठन है और आगे भी बेरोजगार युवाओं की आवाज उठाता रहेगा। इसी कारण उन्होंने अध्यक्ष पद से हटने का निर्णय लिया।
इस्तीफे के बाद कोर टीम की बैठक में सर्वसम्मति से कोटद्वार निवासी राम कंडवाल को संघ का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। साथ ही संघ की वर्तमान कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है।