मुख्यमंत्री धामी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी से की शिष्टाचार भेंट, विधानसभा सत्र की तैयारियों पर चर्चा-Newsnetra
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण से उनके यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों और कार्यसूची को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान विधानसभा सत्र के संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित की जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सत्र के दौरान सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए तैयार है और जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सदन को प्रभावी मंच बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने सत्र के दौरान विभागीय विषयों पर प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्तावों और विधेयकों को लेकर जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के बीच हुई इस मुलाकात को सत्र की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि सदन में सुचारू और सार्थक चर्चा सुनिश्चित करना सभी सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी पक्षों से सहयोग की अपेक्षा है।




