शिक्षा निदेशक से कथित मारपीट के विरोध में कांग्रेस का रायपुर थाने पर घेराव, विधायक की गिरफ्तारी की मांग-Newsnetra
भाजपा के विधायक उमेश शर्मा काऊ द्वारा शिक्षा निदेशक के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी रायपुर ने रायपुर थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है—देहरादून शहर में लगातार हत्याएं हो रही हैं और जब एक विधायक ही खुलेआम गुंडागर्दी कर अधिकारी को धमकाने का प्रयास करे, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?

कांग्रेस ने कहा कि यह सब सरकार के संरक्षण में, विशेष रूप से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संरक्षण में हो रहा प्रतीत होता है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह प्रदेश के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके सम्मान व सुरक्षा की हर लड़ाई में साथ रहेगी।
पार्टी ने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए दो टूक कहा कि जब तक जिम्मेदारी तय कर इस्तीफा नहीं होता, कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक हर स्तर पर संघर्ष तेज करेगी।
सभा को पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री डॉ सोनिया आनंद रावत,पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुंदर सिंह रावत (आजाद), कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आशीष नौटियाल, विनीत भट्ट ,सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। प्रदर्शन में सूरज सिंह नेगी, महेश जोशी,महेंद्र सिंह नेगी (गुरुजी), महेंद्र बिष्ट, प्रीतम सिंह नेगी, विशाल सिंह, हिमांशु, प्रदीप सहित अन्य कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।





