स्वर्गीय जसपाल राणा के त्रयोदशी संस्कार में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी-Newsnetra
देहरादून। प्रख्यात निशानेबाज एवं खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्ती स्वर्गीय जसपाल राणा की तेरहवीं के अवसर पर उनकी आत्मा की शांति के लिए हवन एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों, परिजनों, शुभचिंतकों एवं खेल प्रेमियों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट तथा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने सहभागिता कर स्वर्गीय जसपाल राणा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी वक्ताओं ने उनके खेल जगत में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।

तेरहवीं संस्कार के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न हुआ तथा दिवंगत आत्मा की शांति एवं मोक्ष के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक ब्रजेश शुक्ला द्वारा भजन एवं आध्यात्मिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा, भक्ति और भावनाओं से ओतप्रोत हो गया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जसपाल राणा के व्यक्तित्व, उनके अनुशासन, खेलों के प्रति समर्पण तथा युवा खिलाड़ियों के लिए उनके प्रेरणादायी योगदान को स्मरण किया। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।





