नोटबंदी से केवल भाजपा और उसके मित्र व्यापारिक घरानों को हुआ लाभः प्रतिमा सिंह-Newsnetra
नोटबंदी से न काला धन वापस आया और न आतंकवाद की कमर टूटी
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता डॉक्टर प्रतिमा सिंह ने नोटबंदी की आठवीं बरसी पर कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के इस अविवेक पूर्ण फैसले से केवल भाजपा और उसके मित्र व्यापारिक घरानों को फायदा हुआ था। उन्होंने कहा कि नोटबंदी की मार से आठ साल बाद भी देश की गरीब जनता उभर नहीं पाई है। न काला धन वापस आया और न आतंकवाद की कमर टूटी है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के शीघ्र बाद भारतीय जनता पार्टी की बंगाल इकाई द्वारा नोटबंदी से पहले अपने खाते में करोड़ों रूपये जमा करना तथा भाजपा की बिहार इकाई द्वारा करोड़ों रूपये की जमीन खरीदना नोटबंदी के फैसले की गोपनीयता पर आज भी प्रश्नचिन्ह है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉक्टर प्रतिमा सिंह ने कहा कि आठ नवम्बर 2016 को केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा जल्दबाजी में लिये गये नोट बंदी के अविवेकपूर्ण फैसले के कारण पूरे देश में अफरातफरी का मौहाल उत्पन्न हो गया था। उन्होंने कहा कि आम आदमी को जिस दौर से गुजरना पड़ा उसकी पीड़ा देश के आम आदमी के मन में आज भी है। उन्होंने कहा कि गरीब आदमी को अपनी बेटी की विदाई और अस्पतालों में नोट बंदी के कारण गम्भीर स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि निजी चिकित्सालय एवं दवाईयों की दुकानों में यहां तक कि सरकारी अस्पतालों में भी नोट बंदी के कारण रोगियों की चिकित्सा संभव नहीं हो पा रही थी।





