अल्मोड़ा के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी ध्रुव रावत ने योनेक्स सनराइज ऑल इंडिया सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। लखनऊ में 12 से 19 अक्तूबर तक आयोजित इस टूर्नामेंट में ध्रुव ने अपनी जोड़ीदार राधिका शर्मा के साथ मिलकर मिक्स डबल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस दौरान, क्वार्टर फाइनल में ध्रुव और राधिका की जोड़ी ने दिल्ली के नितिन कुमार और हरियाणा की रिद्धि कौर थूल की जोड़ी को 21-16, 22-20 से हराया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
Dhruv Rawat wins gold in Yonex badminton tournament-Newsnetra
सेमीफाइनल में उन्होंने कर्नाटक के अशित सूर्या और अमुरथा पी की जोड़ी को 14-21, 21-5, 21-19 से मात दी। फाइनल मुकाबले में ध्रुव और राधिका ने हरियाणा के अक्षित महाजन और तेलंगाना की अनाघा पाल की जोड़ी को 21-6, 23-21 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। ध्रुव रावत पहले भी कई पदक जीत चुके हैं और वर्तमान में असम के अमिंगाओन स्थित राष्ट्रीय बैडमिंटन अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है।





