कुश कल्याण पर्यटन एवं पर्यावरण उत्थान मेले में शामिल हुए डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट, बोले- पर्यटन विकास से युवाओं को मिलेगा रोजगार-Newsnetra
उत्तरकाशी। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिल्ला-जौड़ाव, विकासखंड भटवाड़ी स्थित चंदनागिरी नाग देवता प्रांगण सिल्ला में आयोजित कुश कल्याण पर्यटन एवं पर्यावरण उत्थान मेला-2026 में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र से जुड़े डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर उन्होंने मेला समिति के अध्यक्ष एवं समस्त पदाधिकारियों, ग्राम प्रधान सिल्ला, जौड़ाव, भेला-टिपरी, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्य नाल्ड, ज्योति राणा सहित क्षेत्र के सभी ग्रामवासियों को मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।















डॉ. भट्ट ने कहा कि कुश कल्याण पर्यटन एवं पर्यावरण उत्थान मेले जैसे आयोजन क्षेत्र के पर्यटन और तीर्थाटन के विकास में मील का पत्थर साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुश कल्याण बुग्याल सहित क्षेत्र में मौजूद प्राकृतिक बुग्यालों और प्राकृतिक संपदा को देश-प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं। साथ ही, पर्यटन आधारित रोजगार को बढ़ावा मिलने से आने वाले समय में पहाड़ों से होने वाले पलायन को रोकने में भी मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि स्थानीय संस्कृति, पर्यावरण और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने वाले आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत किया जा सके।





