भारी बारिश का अलर्ट: देहरादून और बागेश्वर में 31 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद-Newsnetra
देहरादून/बागेश्वर। उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर जारी चेतावनी के मद्देनजर देहरादून और बागेश्वर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए दोनों जिलों में 31 अगस्त 2026 (सोमवार) को सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

देहरादून जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून एवं एनडीएमए के National Disaster Alert Portal से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को 31 अगस्त को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी तरह बागेश्वर जिले में भी मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 31 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी राजकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील भी की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपदा की स्थिति में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और मौसम के अनुसार आवश्यक कदम आगे भी उठाए जा सकते हैं।





