Navratri Special : नवरात्रि के पहले दिन भगवान महाकाल का देवी के स्वरूप में किया श्रृंगार…Newsnetra
श्री महाकालेश्वर मंदिर में शारदीय नवरात्रि का प्रथम दिवस पर बाबा महाकाल का देवी स्वरूप में किया श्रृंगार
विशेष अभिषेक और श्रृंगार उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुरुवार, आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इस विशेष अवसर पर भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। दिन की शुरुआत महाकाल के जलाभिषेक से हुई, जिसके बाद उन्हें पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बना मिश्रण) से स्नान कराया गया। शारदीय नवरात्रि के इस पहले दिन, महाकालेश्वर का देवी स्वरूप में श्रृंगार किया गया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई और उन्हें शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से बनी माला पहनाई गई।
इसके साथ ही भगवान महाकाल को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। सुबह की भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन कर, उनके कान के पास जाकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए आशीर्वाद भी मांगा। पूरे मंदिर में बाबा महाकाल के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही थी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा था। इस तरह शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ भक्तों ने महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य किया।