गोपेश्वर में दर्दनाक हादसा: पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आए ग्रामीण की मौत-Newsnetra
गोपेश्वर। चमोली जनपद के डुमक गांव में सोमवार अपराह्न एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। पहाड़ी से गिरा पत्थर सीधे सिर पर लगने से वे गदेरे में जा गिरे और तेज बहाव में बह गए। देर रात ग्रामीणों की खोजबीन के बाद शव बरामद कर लिया गया।
मृतक की पहचान रणजीत सिंह सनवाल (पुत्र स्व. श्याम सिंह) के रूप में हुई है। वे अपनी मां राजमती देवी और भाई आनंद सिंह सनवाल के साथ ज्योतिर्मठ बाजार से घर लौट रहे थे। कलगोठ मार्ग से डुमक जाते समय पांग गदेरे के पास अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरा और सिर पर लगते ही रणजीत सिंह गदेरे में जा गिरे। तेज बहाव के कारण वे बह गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की जानकारी ग्राम प्रधान यमुना देवी, राजेंद्र सिंह और गोविंद सिंह ने पुलिस को दी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।