विवेकानंद नेत्रालय को उत्कृष्ट नेत्र सेवा के लिए राष्ट्रीय सम्मान, योगाचार्य डा. बिपिन जोशी ने दी बधाई-Newsnetra
देहरादून, 30 सितंबर 2026।
रामकृष्ण मिशन, देहरादून, उत्तराखंड के विवेकानंद नेत्रालय को नेत्र चिकित्सा एवं सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किए जाने पर माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर, टपकेश्वर महादेव, देहरादून के संस्थापक योगाचार्य डा. बिपिन जोशी ने रामकृष्ण मिशन परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
यह सम्मान ACOIN (All India Ophthalmologists’ Co-Management Initiative Network) के सिल्वर जुबली समारोह-2026 के अवसर पर 25 सितंबर 2026 को कोलकाता स्थित बिश्व बांग्ला कन्वेंशन हॉल में प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में भारत के पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद तथा नेपाल के प्रथम राष्ट्रपति डा. राम बरन यादव की उपस्थिति रही। रामकृष्ण मिशन देहरादून के सचिव स्वामी असिमात्मानंद महाराज ने विवेकानंद नेत्रालय की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर रामकृष्ण मिशन के अनेक चिकित्सक एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।



योगाचार्य डा. बिपिन जोशी ने कहा कि विवेकानंद नेत्रालय को मिला यह सम्मान केवल रामकृष्ण मिशन का सम्मान नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड में निस्वार्थ सेवा, चिकित्सा और मानवीय संवेदना की समृद्ध परंपरा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि रामकृष्ण मिशन लंबे समय से समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए शिक्षा, चिकित्सा और सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस राष्ट्रीय सम्मान से प्रेरणा लेकर रामकृष्ण मिशन भविष्य में और अधिक व्यापक स्तर पर, युद्धस्तर पर, देवभूमि उत्तराखंड के दूरस्थ एवं जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का कार्य करेगा। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में और नए प्रयास किए जाने चाहिए।
योगाचार्य डा. बिपिन जोशी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के संदेश को धरातल पर उतारने का सबसे प्रभावी माध्यम जरूरतमंद व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। विवेकानंद नेत्रालय की उपलब्धि इस सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।
उन्होंने रामकृष्ण मिशन देहरादून के समस्त संतों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए पुनः हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दीं।
— योगाचार्य डा. बिपिन जोशी
संस्थापक, माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर
टपकेश्वर महादेव, देहरादून








