हरिद्वार में ‘चार साल बेमिसाल’ का भव्य आयोजन 7 मार्च को, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे शिरकत-Newsnetra
हरिद्वार।
उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 मार्च को हरिद्वार में ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान में आयोजित होगा, जहां बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं।
मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
व्यापक स्तर पर तैयारियां
कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए मंच, पंडाल, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल और यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा विस्तृत प्लान तैयार किया गया है।
सरकार की ओर से बताया गया है कि कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। विभिन्न विकास योजनाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी जनता के सामने रखी जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है, जिसके चलते सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।





