परमार्थ घाट पर स्नान के दौरान डूबा बागेश्वर का युवक, दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग-Newsnetra
युवक ने स्नान के दौरान पहली बार डुबकी लगाई और बाहर आ गया। फिर दूसरी बार भी ऐसे ही किया, लेकिन जब तीसरी बार नहाने के लिए गंगा में उतरा तो वह पानी के बहाव की चपेट में आ गया और गंगा में डूबकर लापता हो गया।
उत्तरी हरिद्वार के एक आश्रम में रह रहा बागेश्वर निवासी युवक गंगा में नहाते समय डूबकर लापता हो गया। जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान चलाया लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल पाया
पुलिस के अनुसार, नवीन चंद पाठक (26) निवासी बागेश्वर यहां विवेकस्थली आश्रम भागीरथी नगर भूपतवाला में रहकर करीब तीन महीने से पूजा-पाठ सीख रहा था। शनिवार देर शाम नवीन परमार्थ घाट पर पूजा अर्चना करने के बाद स्नान करने लगा। बताया गया कि पहली बार डुबकी लगाई और बाहर आ गया। फिर दूसरी बार भी ऐसे ही किया, लेकिन जब तीसरी बार नहाने के लिए गंगा में उतरा तो वह पानी के बहाव की चपेट में आ गया और गंगा में डूबकर लापता हो गया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देर शाम तक एसडीआरएफ, जल पुलिस की टीम ने सर्च अभियान चलाया, लेकिन कुछ सुराग नहीं लग पाया। रविवार को भी खोजबीन की गई मगर शाम तक पता नहीं चला। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि गंगा में युवक की तलाश की जा रही है





