बकरीद अवकाश में बदलाव: अब 28 मई को बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर और स्कूल-Newsnetra
उत्तराखंड शासन ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तिथि में संशोधन किया है। यह अवकाश अब 27 मई के बजाय 28 मई, 2026 को समस्त सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थाओं में रहेगा
उत्तराखंड शासन ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तिथि में संशोधन किया है।
समस्त सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में पहले घोषित सार्वजनिक अवकाश 27 मई के स्थान पर अब 28 मई को घोषित किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने संशोधित अधिसूचना जारी की है।
अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2026 के सार्वजनिक अवकाशों की सूची में ईद-उल-अजहा के अवसर पर 27 मई (बुधवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था।
हालांकि, अब बकरीद की तिथि में परिवर्तन को देखते हुए शासन ने यह परिवर्तन किया है। बैंक, कोषागार और उप कोषागारों में भी उक्त तिथि को अवकाश रहेगा।
शासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी अधिसूचना को इसी सीमा तक संशोधित माना जाएगा तथा अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।
बकरीद के चलते विवि की परीक्षाएं स्थगित, नई तिथियां घोषित
श्रीनगर गढ़वाल। 28 मई को ईद उल जुहा (बकरीद) के चलते हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की इस तिथि को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। साथ ही विवि प्रशासन ने परीक्षाओं की नई तिथि भी घोषित कर दी है।
गढ़वाल केंद्रीय विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. गौतम वीर ने बताया कि 28 मई को कृषि, बीपीएड, एमपीएड, बीएड, एमएड, बीए, बीएससी, आइटीईपी, बीफार्मा और एमबीए सहित अन्य सेमेस्टर की परीक्षाएं होनी थी।
बकरीद के अवकाश के कारण अब संबंधित पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 29 मई से चार जून तक आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्र प्रभारियों, डीन और विभागाध्यक्ष को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा का संचालन नई शिक्षा नीति से करने की मांग की है।
परीक्षा नियंत्रक ने सभी परीक्षा केंद्रों और संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुरूप परीक्षा संचालन के लिए व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश दिए हैं





