2027 चुनाव से पहले उत्तराखंड बीजेपी में नाराजगी खत्म करने की कवायद तेज, सीएम आवास में हुआ बड़ा मंथन-Newsnetra
दिल्ली में एक दौर की बातचीत के बाद आज मुख्यमंत्री आवास में बीजेपी के भीतर चल रही नाराजगी और संगठनात्मक मुद्दों को लेकर दूसरा बड़ा मंथन हुआ। बैठक में सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और संगठन महामंत्री अजेय कुमार मौजूद रहे।
सूत्रों के मुताबिक, विधायक अरविंद पांडेय की नाराजगी और सरकार से जुड़े विकास कार्यों के मुद्दों पर चर्चा अहम रही। माना जा रहा है कि बीजेपी आलाकमान 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में किसी भी तरह की अंदरूनी कलह को खत्म करने के मिशन में जुट गया है।
दिल्ली में हुई शुरुआती बातचीत के बाद अब देहरादून में बैठकों का दौर यह संकेत दे रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व राज्य की राजनीतिक गतिविधियों पर करीबी नजर बनाए हुए है। पार्टी नहीं चाहती कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पहले कोई असंतोष खुलकर सामने आए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर शासकीय आवास पर वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया।
अब सवाल यही है — क्या 2027 से पहले बीजेपी अपनी सभी अंदरूनी “कीलें” दुरुस्त कर लेगी या फिर नाराजगी चुनाव तक बनी रहेगी?





