उत्तराखंड के पंचकर्म डिप्लोमाधारकों के लिए नौकरी का मौका! 19 नवंबर को होगा साक्षात्कार-Newsnetra
पंचकर्म सहायकों की भर्ती के लिए 19 नवंबर को साक्षात्कार पतंजलि योगग्राम समेत चार संस्थानों में महिला और पुरुष अभ्यर्थियों की होगी भर्ती देहरादून। पंचकर्म सहायक डिप्लोमाधारकों को निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर मिलेगा। पतंजलि योगग्राम समेत चार आयुर्वेदिक संस्थानों में पंचकर्म सहायकों की भर्ती के लिए 19 नवंबर को साक्षात्कार होगा। भारतीय चिकित्सा परिषद, उत्तराखंड की ओर से हर्रावाला स्थित कार्यालय में सुबह 10:30 बजे से कैंपस प्लेसमेंट आयोजित किया जाएगा। पंचकर्म सहायकों की मांग करने वाले संस्थानों में हरिद्वार का पतंजलि योगग्राम, हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित वृंदावन आयुर्वेद चिकित्सालयम, बागपत (उत्तर प्रदेश) का राष्ट्रीय इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड मेडिकल साइंस और देहरादून का बीहाइव आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शामिल हैं। इन संस्थानों को महिला और पुरुष पंचकर्म सहायकों की आवश्यकता है। भारतीय चिकित्सा परिषद में पंजीकृत पंचकर्म सहायक डिप्लोमाधारी अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए उन्हें दो फोटो, बायोडाटा, मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र और उनकी छायाप्रतियां साथ लानी होंगी। साक्षात्कार उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर, रेलवे रोड, हर्रावाला स्थित परिषद कार्यालय में होगा।परिषद की रजिस्ट्रार नर्वदा गुसाईं के अनुसार, निजी संस्थानों की मांग पर बेरोजगार पंचकर्म सहायकों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। चयन संबंधित संस्थान अपने स्तर से करेंगे। यह रोजगार अस्थायी होगा और साक्षात्कार में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।






