राजकीय महाविद्यालय कमांद में स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर निकाली गई जन-जागरूकता रैली, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश-Newsnetra
राजकीय महाविद्यालय कमांद, टिहरी गढ़वाल में भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी इकाई के तत्वावधान में दिनांक 19 जून 2026 को “स्वास्थ्य जागरूकता” विषय के अंतर्गत जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
रैली का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकगणों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के माध्यम से स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जनकल्याण से संबंधित संदेश आमजन तक पहुँचाए गए।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी इकाई की नोडल अधिकारी डॉ. नीना शर्मा ने स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन ही जीवन की सफलता का आधार हैं तथा प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों एवं स्वच्छता के नियमों का पालन करना चाहिए।
महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. शेफाली शुक्ला ने भी अपने संबोधन में स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार तथा स्वच्छ जीवनशैली से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं जिम्मेदार रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ. दीपक राणा, डॉ. बीना रानी, डॉ. प्रवीण, योग प्रशिक्षक श्री देवेश चंद्र तथा कर्मचारीगण श्री केदारनाथ भट्ट, श्री सतेंद्र डोभाल, श्रीमती पूजा रानी, श्रीमती प्रभा देवी एवं श्री संजय बधानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में स्वास्थ्य संबंधी सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।




